गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर दून में चप्पे-चप्पे पर रहेगी कड़ी सुरक्षा

 

देहरादून/ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अपराह्न 12 बजे परेड ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत वह पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। वीवीआईपी भ्रमण को देखते हुए पूरे कार्यक्रम स्थल और संबंधित व्यवस्थाओं को सुरक्षा के दृष्टिगत विभिन्न जोन एवं सेक्टर में विभाजित कर अधिकारियों की तैनाती की गई है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट, परेड ग्राउंड स्थित अस्थायी हेलीपैड तथा रिजर्व पुलिस लाइन में भी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जोनल अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए तैनात ड्यूटी प्रभारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की तथा उन्हें उनके दायित्वों के संबंध में विस्तार से ब्रीफ किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *