देहरादून/ कारागार में निरुद्ध महिलाओं को सकारात्मक वातावरण, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा एक विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में आज क्लाउड-9 यूनिसैक्स सैलून देहरादून के सहयोग से जिला कारागार, देहरादून में निरूद्ध 44 महिला बंदियों के लिए ब्यूटी एवं ग्रूमिंग स्किल्स प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें क्लाउड-9 के अधिकारी मिली थावानी की अगुवाई में सभी महिला बंदियों का हेयरकट, क्लीनअप, थ्रेडिंग, वैक्सिंग आदि की सुविधा उपलब्ध कराई गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में Cloud 9, देहरादून सहयोग प्रदान कर रहा है। प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य महिला बंदियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वयं की देखभाल, हेयर ग्रूमिंग तथा ब्यूटी एवं पर्सनल केयर से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना तथा समाज के वंचित वर्ग तक मूलभूत सौंदर्य सुविधाएं पहुंचाना रहा।
यह कार्यक्रम जिला न्यायाधीश देहरादून हरीश कुमार गोयल के दिशा-निर्देशन में पूर्ण किया गया। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि कारागार में सुधार एवं पुनर्वास की अवधारणा केवल निरुद्ध व्यक्तियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन लाने और समाज में सम्मानपूर्वक पुनः स्थापित होने के अवसर उपलब्ध कराने से भी जुड़ी है। इस दृष्टिकोण के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम महिला बंदियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, स्वयं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा आत्मविश्वास के साथ जीवन की नई शुरुआत के लिए प्रेरित करने का प्रयास है।