चारधाम ऑलवेदर रोड के अंतर्गत उत्तरकाशी से गंगोत्री तक चौडीकरण कार्य के पैकेज 5 के अंतर्गत बडेथी से तेखला तक बीआरओ के कार्यों की समीक्षा हेतु डीएम प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों के साथ वीसी के माध्यम से बैठक ली है। डीएम ने चौड़ीकरण से मार्ग में आ रही यूटिलिटी शिफ्टिंग जिनमे पेयजल लाइन, बिजली के खंभे और संचार केबल की समस्याओं को समयबद्ध तरीके से हल करने तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय स्थापित कर समय से निस्तारित करने के निर्देश दिये। डीएम ने बीआरओ को विद्युत, जल संस्थान, वन विभाग और नगरपालिका के अधिकारियों से चौड़ीकरण से प्रभावित बुनियादी ढांचों के संबंध में समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि बीआरओ संबंधित विभागों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण करें।
डीएम ने निर्माण क्षेत्र में यातायात प्रबंधन और पर्यावरण सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये तथा यूटिलिटी शिफ्टिंग के दौरान स्थानीय नागरिकों को पेयजल और विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का सामना न करना पड़े इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर कार्य करने के निर्देश दिए। बीआरओ ने आश्वस्त किया कि अन्य विभागों से अनापत्ति और हस्तांतरण प्रक्रिया पूर्ण होते ही कार्य में गति लाई जाएगी।
इस दौरान कमांडर बीआरओ राज किशोर, डीएफओ जीवन मोहन दगाड़े समेत जल संस्थान, यूपीसीएल के अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।