डीएम उत्तरकाशी प्रशांत आर्य ने राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और अन्य मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाकर स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण को चिन्हित करने और इसे हटाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
डीएम ने जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स, सड़क सुधार कार्यों तथा यातायात नियमों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि लोनिवि के 131 किमी, बीआरओ के 14 किमी और एनएच के अंतर्गत आने वाली 31 किमी सड़क मार्गों के संवेदनशील स्थलों को 15 अक्टूबर तक अभियान चलाकर गड्ढा मुक्त कर लिया जाए। डीएम ने जनपद में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के चिन्हीकरण एवं सुधारीकरण के संबंध में की गई कार्यवाही और जिले के अंतर्गत राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों का रोड सेफ्टी ऑडिट कराए जाने की स्थिति की भी समीक्षा की।
डीएम ने सड़क दुर्घटना में घायल पीड़ितों को दुर्घटना के तुरंत बाद के सबसे महत्वपूर्ण समय (‘गोल्डन ऑवर’) के दौरान बिना किसी वित्तीय या प्रशासनिक रुकावट के समय पर निर्बाध और कैशलेस चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए घायल व्यक्तियों एवं पात्र लाभार्थियों को पीएम राहत योजना के तहत समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
