हल्द्वानी के बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव में एक कमर्शियल ऑफिस में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बुधवार देर रात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में कमर्शियल ऑफिस में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 8 से 10 हथियारबंद बदमाशों ने स्वयं को पुलिस की एसओजी टीम बताकर वहां मौजूद लोगों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। बदमाश करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने की दो चेन, अंगूठियों के साथ ऑफिस में मौजूद लोगों के 12 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाश कार से पहुंचे थे और लूट के बाद कार से बरेली रोड की ओर फरार हो गए। यह भी जानकारी मिली है कि उस समय ऑफिस में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे तो कुछ जुआ खेल रहे थे। इस बीच अचानक पुलिस कार्यवाही जैसी स्थिति देख वहां मौजूद लोग घबरा गए और उन्होंने किसी तरह का विरोध नहीं किया। बदमाशों ने
ऑफिस में रखे करीब 8 लाख रुपये की नकदी अपने कब्जे मे लेने के बाद वहां मौजूद लोगों के हाथों से बदमाशों ने सोने की अंगूठी व सोने की चेन भी खींच ली। घटना के दौरान बदमाश वहां मौजूद लोगों के 12 मोबाइल फोन भी लूटकर ले गए ताकि कोई वारदात की सूचना किसी को न दे सके। इसके बाद बदमाश फरार हो गए।
उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस टीमें घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस की मदद से बदमाशों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी हैं।
