देहरादून/ विकासनगर के कल्याणपुर में एक बंद कमरे के भीतर गोलीबारी में एक युवक की मौत व एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रारंभिक जांच पड़ताल में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस ने मौके से तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कमलेश, निवासी हयोटंगरी ,चकराता के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला संगीता, निवासी भूटाणु ,उत्तरकाशी बताई गई है। उक्त घटना के तत्काल बाद महिला को पहले विकासनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देहरादून हायर सेंटर रेफर किया गया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कमलेश ने पहले संगीता पर गोली चलाई और इसके बाद खुद अपनी कनपटी पर गोली मार ली। कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला की कनपटी को छूते हुए गोली निकलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि बंद कमरे में गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने जाली तोड़कर कमरे में प्रवेश किया।
अंदर कमलेश और संगीता दोनों खून से लथपथ पड़े मिले। पुलिस ने तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जबकि चिकित्सकों ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि कमलेश और संगीता दोनों ही शादीशुदा हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कमलेश का महिला के घर अक्सर आना-जाना था। इसी आधार पर पुलिस शुरुआती जांच में मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला चार साल से यहां किराए पर रह रही थी। उसके दो बच्चे है। महिला का पति त्यूणी में गाड़ी चलाता है। बताया जा रहा है कि कमलेश और उस महिला के अवैध संबंध थे।
उधर फॉरेंसिक टीम भी
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले की वास्तविक स्थिति फॉरेंसिक रिपोर्ट और घायल महिला के बयान के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।