वायरल वीडियो ने महिला को पहुंचाया सलाखों के पीछे

 

देहरादून/ इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो ने महिला को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मामला राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र का है। बुधवार को आईटी पार्क निवासी श्रीमती नितिशा वत्स द्वारा थाना राजपुर पर एक लिखित तहरीर दी गई कि करीब एक वर्ष पूर्व उनके द्वारा अपने घर में रखे हीरे व अन्य आभूषणों को ढूंढने का प्रयास किया गया तो वे उन्हें घर पर कहीं नहीं मिले। जिस पर उन्हें लगा कि उनके द्वारा उक्त आभूषणों को या तो अपने किसी रिश्तेदार को दे दिया है या कहीं ऐसे जगह रख दिया है जो उन्हें याद नहीं आ रहा है। किन्तु तब उन्हें बिल्कुल भी शक नहीं था कि उनके आभूषण किसी ने चुरा लिए हैं। कुछ दिन पूर्व उनके किसी परिचित द्वारा उन्हें बताया गया कि एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में हीरे का हार के साथ अपनी एक फोटो लगाई है जो उनके खोये,
चोरी हुए हीरे के हार से मिलता जुलता है। जिस पर उनके द्वारा फोटो को चैक किया गया तो फोटो उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला की थी तथा उसके द्वारा फोटो में पहने गये आभूषण उनके पूर्व में खोये हुए आभूषणों से हूबहू मिलते जुलते थे। उन्हें शक है कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका द्वारा ही उक्त आभूषणों को घर से चोरी किया गया है। वादिनी की तहरीर के आधार पर तत्काल थाना राजपुर पर मु0अ0स0: 142/2026 धारा 306 बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया। जांच कर रही पुलिस टीम द्वारा घटना में संलिप्त आरोपी महिला के संबध में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा घटना में शामिल महिला विमला पत्नी रंजीत निवासी ग्राम चकगामा, थाना पसीगमा, जनपद लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश, उम्र 34 वर्ष हाल निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा घटना में चोरी किये गये हीरे व सोने के आभूषण बरामद किये गये।
पूछताछ में महिला द्वारा बताया गया कि वह श्रीमती नितिशा के आईटी पार्क स्थित घर में घरेलू सहायिका का कार्य करती थी। वादिनी के घर के एक कमरे के लॉकर में काफी महंगे आभूषण रखे हुए थे, जिन्हें वह अक्सर देखा करती थी, जिस कारण उसके मन में उन गहनो को चोरी कर लेने का लालच आ गया तथा करीब एक वर्ष पूर्व उसके द्वारा मौका देखकर लॉकर से हीरे व सोने के कीमती आभूषण चुरा लिये। घर की मालकिन उस पर काफी भरोसा करती थीं, जिस कारण उन्हें उस पर शक नहीं हुआ तथा उसके द्वारा भी घर की मालकिन को अपने भरोसे में लेकर यकीन दिलाया कि उनके द्वारा उक्त गहनों को शायद कहीं अन्यत्र रख दिया है अथवा अपने किसी परिचित को दिया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद वह उक्त चोरी किए गए आभूषणों में से कुछ आभूषणों को बेचना चाहती थी लेकिन हीरे व सोने के महंगे आभूषण होने के कारण वह बिक नहीं पाए। वह अब भी लगातार उन्हें बेचने का प्रयास कर रही थी पर अचानक इतने समय बाद वह पुलिस की गिरफ्त में कैसे आई यह उसे नहीं पता।
उक्त महिला से हीरे का एक हार,सोने का एक लॉकेट,सोने की दो अंगूठी व सोने का एक पेंडल,एक मोबाइल फोन ओप्पो बरामद किये गये। बरामद माल की कीमत 10 लाख रुपए आंकी गयी है।
उधर उकर घटना का अनावरण करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून द्वारा 2500/- रुपए के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *