जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशान्त आर्य के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की वर्चुअल माध्यम से समीक्षा की। मंगलवार को अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने समस्त निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रारम्भिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए 75 प्रतिशत से कम मैपिंग वाले मतदेय स्थलों को प्रगति लाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 10 मार्च तक हर हाल में 75 प्रतिशत मैपिंग का लक्ष्य पूर्ण किया जाए। साथ ही नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों का शीघ्र चिन्हीकरण करने एवं बीएलओ का रूट प्लान तैयार करने के भी निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजनीतिक दलों द्वारा विधान सभावार नियुक्त बीएलए-1 के साथ सप्ताह में दो बार बैठक कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो सके। एडीएम ने सभी अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
वर्चुअल बैठक में उप जिलाधिकारी भटवाड़ी शालिनी नेगी,उप जिलाधिकारी डुण्डा देवानन्द शर्मा,उप जिलाधिकारी पुरोला मुकेशचंद रमोला, उप जिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।