देहरादून/ प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था व राजधानी में सरेआम हत्या के विरोध में आज राजधानी में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। शनिवार को कांग्रेस ने सचिवालय कूच कर सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर विरोध दर्ज किया। प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सचिवालय कूच कर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सिल्वर सिटी मॉल में हुआ गोलीकांड और बीते 48 घंटों में हुई दो हत्याएं इस बात का प्रमाण हैं कि अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो चुका है। गोदियाल ने आरोप लगाया कि बीते 16 दिनों से हर सुबह हत्या की खबर सामने आ रही है। उन्होंने सीधे तौर पर पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आम जनता की सुरक्षा छोड़कर मंत्रियों की निजी अपेक्षाओं और इच्छाओं की पूर्ति में लगे हैं। अपराधियों को लगता है कि देवभूमि उनके लिए सबसे सुरक्षित पनाहगाह बन चुकी है। श्री गोदियाल ने मुख्यमंत्री पर भी हमला बोलते हुए कहा कि धामी आज पूरे भारत में ऐसे मुख्यमंत्री के रूप में उभर रहे हैं जो जगह-जगह जाकर हेट स्पीच दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लैंड जिहाद और लव जिहाद जैसे नरेटिव सेट कर असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने कानून-व्यवस्था को ‘चौपट’ करार देते हुए कहा कि बाहरी अपराधियों को बुलाकर यहाँ व्यापार करवाया जा रहा है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि आज भी जांच को भटकाया जा रहा है। पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड ने कभी ऐसे असुरक्षित हालात नहीं देखे। उन्होंने कहा कि जब राजधानी के वीवीआईपी इलाकों में गोलियां चल रही हों, तो दूरस्थ पहाड़ों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।