राजधानी में हुई हत्या का खुलासा, मृतक की मां समेत तीन गिरफ्तार

 

 

देहरादून/ तिब्बती मार्केट के पास दिन दहाड़े गैस एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस मुठभेड़ मे आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ मे उन्होंने पूरी साजिश को बयां कर दिया।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपियों द्वारा बताया गया कि वे दोनो सगे भाई हैं तथा मूल रूप से ग्राम देवीखाल, पो. गुमखाल, कोटद्वार जिला पौडी गढवाल के रहने वाले हैं तथा वर्तमान में अपने परिवार के साथ चक्खुवाला कोतवाली क्षेत्र में रह रहे हैं। आरोपी पंकज राणा, विनोद उनियाल के पास ड्राइवर का काम करता है तथा राजीव ऑटो चलाने का कार्य करता है। विनोद उनियाल, उनके परिचित डॉ0 अजय खन्ना व मृतक की माँ बीना शर्मा का मृतक अर्जुन शर्मा से प्रापर्टी व पैसों के लेने देन को लेकर विवाद चल रहा था तथा पूर्व में दोनो पक्षों द्वारा एक दूसरे के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कराये गये थे।

डॉ0 अजय खन्ना की अर्जुन शर्मा की माँ श्रीमती बीना शर्मा से जीएमएस रोड स्थित उनकी सम्पत्ति को खरीदने की एवज में 14 करोड रू0 मे डील हुई थी, जिसमें से अब तक 08 करोड रू0 उसके द्वारा बीना शर्मा को दिये जा चुके थे पर अर्जुन शर्मा द्वारा उसकी माँ द्वारा बेची गई प्रापर्टी पर न्यायालय से स्टे ले लिया गया था। इतने पैसे देने के बाद व प्रापर्टी पर कब्जा न मिल पाने के कारण डॉ0 अजय खन्ना काफी परेशान चल रहा था तथा बीना शर्मा पर अपने पैसे वापस देने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर माँ बेटे के बीच अक्सर विवाद व झगडा होता रहता था। मृतक की माँ द्वारा अपने पुत्र से खुद को असुरक्षित बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा प्राप्त की गई थी।

सम्पत्ति पर अर्जुन शर्मा द्वारा विक्रय पर स्टे लेने तथा मोटी धनराशि देने के बावजूद भी मां0 न्यायालय में वाद के लम्बित रहने तथा प्रापर्टी पर मालिकाना हक नहीं मिल पाने पर बीना शर्मा, अजय खन्ना तथा विनोद उनियाल द्वारा अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई तथा उनका दोनो आरोपियों से 12 लाख रू0 में सौदा तय हुआ था, जिसमें से 03 लाख रू0 दोनों को एडवांस मिल गये थे तथा बाकी के पैसे काम होने के बाद मिलने थे।

पैसों के लालच में दोनो आरोपियों द्वारा अर्जुन शर्मा की दिनचर्या की जानकारी करते हुए 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। विवेचना के दौरान तथ्य प्रकाश में आये कि घटना से पूर्व तथा घटना के बाद पंकज राणा द्वारा विनोद उनियाल से व्हट्सअप के माध्यम से सम्पर्क किया गया था तथा घटना के बाद रात्रि में आरोपी उसके घर भी गया था। विवेचना के दौरान गवाहों के बयानों से यह तथ्य प्रकाश में आये कि मृतक अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा द्वारा अर्जुन शर्मा के मैनेजर विजय से कुछ दिन पूर्व उसकी दिनचर्या के सम्बन्ध में जानकारी ली गई थी, क्योंकि अपनी मां से हुए विवाद के चलते मृतक अर्जुन शर्मा अपने परिवार के साथ इन्दिरा नगर क्षेत्र मे किराये के मकान में रह रहा था।

पूछताछ तथा विवेचना के दौरान प्रकाश में आये हत्या के षडयंत्र में शामिल होने सम्बन्धी तथ्यों के आधार पर पुलिस द्वारा अभियोग में नामजद तीन अन्य आरोपियों विनोद उनियाल, डॉ0 अजय खन्ना तथा मृतक की मां श्रीमती बीना शर्मा को गिरफ्तार किया गया। जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के सभी तथ्यों पर लगातार गहनता से विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *