भारत सरकार की जन लाभकारी पशु सखी योजना के तहत रविवार को विधायक सुरेश चौहान एवं सीडीओ जय भारत सिंह ने जनपद के विभिन्न विकास खंडो की 22 पशु सखी महिलाओं को कार्यशाला के माध्यम से स्मार्ट मोबाइल फोन पशु चिकित्सा सेवाओं के लिये वितरित किये l इस अवसर पर विधायक ने कहा कि ग्राम स्तर पर पशु चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह भारत सरकार की बहुत ही लाभप्रद योजना है l सभी सखियों को इस योजना के तहत पशुपालकों की कठिनाइयों को बेहतर उपचार देकर पशु चिकित्साधिकारियों के परामर्श के साथ आपसी समन्वयता से कार्य करना है l जिससे पशु समस्याओं को न्यून किया जा सके l मुख्य विकास अधिकारी ने सभी पशु सखियों को अपने कार्यों के प्रति कर्मठता व समर्पणता के भाव से कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया। योजना के तहत एनआरएलएम व ग्रामोत्थान परियोजना से प्रत्येक महिला पशु सखी को 2500 रूपये मासिक प्रोत्साहन धनराशि भी प्रदान की जाएगी l कार्यशाला में बताया गया कि पशु सखियों को एनआरएलएम के अंतर्गत पशुलोक सेवा संस्थान ऋषिकेश एवं कालसी में पशुओं से सम्बंधित टीकाकरण, समुचित जांच पड़ताल, गर्भाधान आदि चिकित्सा सेवाओं का 17 दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया गया।
