खानपुर विधायक उमेश कुमार को हरिद्वार जाने से पूर्व पुलिस ने हिरासत में ले लिया। डोईवाला पुलिस ने लच्छीवाला टोल प्लाजा से विधायक को हिरासत में लिया। विधायक खानपुर,हरिद्वार में प्रस्तावित सर्वसमाज की महापंचायत में भाग लेने जा रहे थे। इस दौरान विधायक उमेश ने महापंचायत में पहुंच रहे लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। बता दें कि इससे पहले कुंवर प्रणव चैंपियन के समर्थन में गुर्जर समाज के लोग 29 जनवरी को लक्सर में महापंचायत स्थगित होने के बाद भी लंढौरा के रंग महल पहुंच गए थे। वहां भारी भीड़ जुटी थी, जो उमेश के विरोध में आक्रोशित थी। अब खानपुर में विधायक के पक्ष में सर्वसमाज की महापंचायत में भारी भीड़ जुटने का अनुमान बताया जा रहा है। दरअसल उमेश कुमार और चैंपियन के बीच विवाद 26 जनवरी को हुआ। चैंपियन दल-बल के साथ खानपुर विधायक के आवास
कैंप कार्यालय पर धमके और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान चैंपियन और उनके समर्थकों ने भद्दे शब्दों का भी प्रयोग किया। जिसके बाद देहरादून लौटते समय नेहरू कालोनी पुलिस ने चैंपियन को गिरफ्तार कर रुड़की पुलिस के हवाले कर दिया था। उधर गोलीबारी के बाद कैंप कार्यालय पहुंचे विधायक उमेश गुस्से में हाथ मे पिस्टल लिए बाहर निकलते देखे गए, जिन्हें पुलिस और कार्यकर्ताओं ने किसी तरह काबू किया। दोनों घटनाओं के वीडियो भी सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफार्म और डिजिटल मीडिया पर खूब वायरल हुई।घटनाक्रम में चैंपियन ने विधायक उमेश की मां को टारगेट करते हुए भद्दे शब्दों का प्रयोग किया था। जिस पर 25 जनवरी को उमेश अपने कार्यकर्ताओं के साथ चैंपियन के महल पहुंचे थे। यहां उमेश ने चैंपियन को ललकारा और अपना गुस्सा उतारा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। लिहाजा, पुलिस ने इस मामले में चैंपियन की पत्नी देवयानी की तहरीर पर न सिर्फ मुकदमा कायम किया, बल्कि 26 जनवरी की ही रात को विधायक उमेश को भी गिरफ्तार कर लिया।27 जनवरी को सीजेएम कोर्ट से चैंपियन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया और उमेश को जमानत मिल गई जिस पर चैंपियन समर्थक भड़क उठे और दोनों ओर से एक दूसरे के समर्थन मे महापंचायत का आह्वान हुआ जिसे लेकर पुलिस अलर्ट में है।