देहरादून/ उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन एवं माउंटेन बाइकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित पांचवें संस्करण ‘द अल्टीमेट उत्तराखंड एमटीबी चैलेंज-2026’ का समापन आगामी 26 नवंबर को देहरादून स्थित लक्षमणपुरी मसूरी में होगा। समापन कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारियों को लेकर डीएम डॉ. आशीष चौहान ने प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन एवं समापन कार्यक्रम के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान में साइकलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 18 से 26 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को सुबखोली से होते हुए मसूरी बाईपास तिराहे स्थित लक्ष्मणपुरी में होगा।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग,शिक्षा विभाग, युवा कल्याण,खेल विभाग,आपदा प्रबंधन, परिवहन विभाग,नगर पालिका परिषद मसूरी को
निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के निर्देश दिए। इस सिलसिले में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.दीपक सैनी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
