देहरादून/ देहरादून के सहसपुर ब्लॉक के ग्राम कोटरा कल्याणपुर स्थित दून गूजबेरी फार्म स्वयं सहायता समूह की 10 महिलाओं ने दीपावली एवं भैया दूज के त्योहारी सीजन में 650 से अधिक आकर्षक गिफ्ट हैंपर तैयार कर 18 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी इन महिलाओं की यह उपलब्धि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ ही महिला उद्यमिता की एक प्रेरक मिसाल बनकर उभरी है।
दिल्ली में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से संचालित सरस गैलरी में अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के बाद समूह की पहुंच बड़े संस्थानों और कंपनियों तक बनी। दीपावली से कुछ माह पूर्व सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की ओर से आकर्षक गिफ्ट हैंपर तैयार करने के बड़े ऑर्डर मिले। समूह की महिलाओं ने निर्धारित समयसीमा में सभी ऑर्डर पूरे कर दिल्ली भेजे।
समूह की अध्यक्ष नमिता रावत नेगी ने बताया कि महिलाओं ने 650 से अधिक गिफ्ट हैंपर तैयार किए, जिन्हें दो से तीन हजार रुपये प्रति हैंपर की दर से बेचा गया। इनकी आपूर्ति के माध्यम से समूह को 18 लाख रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि सरस गैलरी जैसे मंच ने उनके उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर दिया है। इससे न केवल समूह की महिलाओं की आय में वृद्धि हुई है, बल्कि उन्हें अपने हुनर और उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का भी अवसर मिला है।
समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए गिफ्ट हैंपर की खासियत इनमें शामिल उत्तराखंड के स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पाद रहे। प्रत्येक हैंपर में बुरांश का जूस, हस्तनिर्मित मोमबत्तियां, दीये, सेब का जैम, आम एवं नींबू की चटनी, शहद, बिस्किट और पहाड़ी नमक सहित कई स्थानीय उत्पाद आकर्षक ढंग से पैक किए गए। स्थानीय स्वाद और पारंपरिक उत्पादों के अनूठे संयोजन ने इन गिफ्ट हैंपर को खास पहचान दिलाई। इससे पहाड़ के उत्पादों को त्योहारों के अवसर पर उपहार के रूप में भी बाजार मिलने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
सहायक परियोजना निदेशक अनीता पंवार ने बताया कि सहसपुर विकासखंड के दून गूजबेरी फार्म स्वयं सहायता समूह की 10 महिलाओं को दीपावली एवं भैया दूज के अवसर पर दिल्ली की कंपनियों से गिफ्ट हैंपर तैयार करने का बड़ा ऑर्डर मिला था। समूह की महिलाओं ने बेहतर समन्वय और मेहनत से सभी ऑर्डर समय पर पूरे किए और 18 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया। उन्होंने कहा कि सरस गैलरी जैसे राष्ट्रीय स्तर के मंच ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और बिक्री के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
