दीवार बनाने को लेकर मामा-भानजे के दो पक्षों में हुई मारपीट में भांजे की मौत

 

देहरादून/ देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र में हुए झगड़े में एक व्यक्ति की मौत हो गई । 112 के माध्यम से पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार अधोईवाला में दो पक्षों के मध्य झगड़ा हुआ है। प्राप्त सूचना पर थाना रायपुर से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। मौके पर जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि नितिन कुमार पुत्र दर्शन लाल, निवासी तरला अधोईवाला, मदरसे के पास, मस्जिद के पीछे, रायपुर एवं उनके पुत्र रोहित कुमार के साथ गौरव, मटरू, भोली व कमला का दीवार बनाने को लेकर झगड़ा हुआ था। उक्त झगड़े के दौरान नितिन कुमार तथा रोहित कुमार द्वारा गौरव पर घातक हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। मौके पर पुलिस द्वारा घायल गौरव व अन्य को उपचार हेतु निजी वाहन से कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां गौरव पुत्र स्वर्गीय चमनलाल बागड़ी, निवासी मोहनी रोड, निकट ग्रीन फील्ड स्कूल, डालनवाला, उम्र करीब 26 वर्ष की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना में घायल रोहित उर्फ भोली पुत्र स्वर्गीय कमल तथा कमला देवी पत्नी स्वर्गीय कमल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। मृतक के संबंध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मृतक गौरव, नितिन कुमार का भांजा है।
उक्त घटना के संबंध में वादी करण कुमार पुत्र स्वर्गीय श्री चमनलाल, निवासी मोहन रोड, नियर सनराइज स्कूल, रायपुर, देहरादून द्वारा दी गई लिखित तहरीर पर थाना रायपुर पर मु0अ0सं0 467/2026 धारा 103(1), 109(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) बनाम नितिन कुमार(मृतक का मामा) रोहित(नितिन का पुत्र) के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारीगण द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के संबंध में आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। एफएसएल व फील्ड यूनिट की टीमों द्वारा घटनास्थल से आवश्यकस साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की जा रही है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम का गठन किया गया है और उक्त प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *