सिनेमैटिक आर्ट्स’ में करियर की संभावनाएँ’, विषय पर विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन

 

रामचन्द्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी में विद्यार्थियों को फिल्म, टेलीविजन एवं मीडिया के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से ‘करियर्स इन सिनेमैटिक आर्ट्स’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पंकज पंत की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता श्री भूपेन्द्र कंथोला रहे। श्री कैंथोला भारतीय सूचना सेवा के वरिष्ठ अधिकारी, फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे के पूर्व निदेशक, लोकसभा टेलीविजन के पूर्व कार्यकारी निदेशक, दूरदर्शन समाचार के पूर्व अपर महानिदेशक तथा भारत के पूर्व प्रेस रजिस्ट्रार जनरल जैसे महत्त्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। मीडिया, फिल्म एवं जनसंचार के क्षेत्र में उनका व्यापक अनुभव विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन का अवसर रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को परंपरागत करियर विकल्पों से आगे बढ़कर रचनात्मक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक करना था। वर्तमान समय में सिनेमा और डिजिटल मीडिया की बढ़ती भूमिका को देखते हुए इस विषय की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। व्याख्यान के माध्यम से विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण, निर्देशन, पटकथा लेखन, सिनेमैटोग्राफी, संपादन तथा डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से मुख्य वक्ता श्री भूपेन्द्र कंथोला का शॉल, पुस्तक एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पंकज पंत ने अपने धन्यवाद वक्तव्य में मुख्य वक्ता श्री भूपेन्द्र कंथोला के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अनुभवी विशेषज्ञों के विचारों और अनुभवों से सीखने के अवसर उपलब्ध कराना उच्च शिक्षा का एक महत्त्वपूर्ण उद्देश्य है। इस प्रकार के व्याख्यान विद्यार्थियों को नए करियर विकल्पों से परिचित कराने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को पहचानने और विकसित करने में भी सहायक होते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी इस मार्गदर्शन का लाभ उठाकर अपने भविष्य के लिए नए अवसरों की तलाश करेंगे। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का भी आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. शिक्षा सेमवाल ने किया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की कैरियर काउन्सलिंग समिति के तत्वावधान में किया गया। समिति की संयोजक डॉ. प्रियंका संघल ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। समिति के सदस्यों में डॉ. अनामिका छेत्री, डॉ. नीतू राज, डॉ. शिवम राज चौहान, डॉ. मनीषा सर्वालिया, डॉ. परदेव रावत, डॉ. पवेंद जयाड़ा एवं डॉ. नरेंद्र जांगिड़ शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *