देहरादून/ सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए डीएम डॉ. आशीष चौहान ने जनपद के समस्त उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उचित दर दुकानों की निगरानी के लिए स्थानीय अधिकारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने उपजिलाधिकारियों को राजकीय अन्न भंडारों का स्वयं निरीक्षण कर गोदामों से उचित दर दुकानों को निर्गत किए जाने वाले खाद्यान्न की गुणवत्ता जांचने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोदामों से केवल गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न ही दुकानों को उपलब्ध कराया जाए। डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निरीक्षण एवं कार्रवाई की आख्या एक सप्ताह के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा है।
उधर डीएम के निर्देशों पर नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में उचित दर दुकानों के निरीक्षण के लिए सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक सेक्टर अधिकारी के साथ संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अथवा पूर्ति निरीक्षक को भी तैनात किया गया है। डीएम ने सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित वार्डों में संचालित उचित दर दुकानों का निरीक्षण कर वहां साफ-सफाई की व्यवस्था तथा वितरित किए जा रहे खाद्यान्न की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान दुकानों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्यान्न वितरण की स्थिति का परीक्षण किया जाए। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण की विस्तृत आख्या एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।