देहरादून/ देहरादून में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर ने शहर को दहला दिया। हत्या की यह वारदात रायपुर के तपोवन रोड पर विष्णुलोक कॉलोनी में हुई। बताया जा रहा है कि बदमाश ने तीनों पर पेचकस से कई वार किए, जिसके बाद तीनो की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस ने पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार बदमाश लूटपाट की नीयत से घर के अंदर दाखिल हुए थे, लेकिन जब बुजुर्ग दंपती और नौकरानी ने विरोध किया, तो उसके बाद बदमाश ने तीनों लोगों को पेचकस से गोद-गोद कर बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि तीनों पर आरोपी ने पेचकस से कई वार किए। जिनकी हत्या हुई उनकी पहचान रमेश कपूर, रजनी कपूर निवासी देहरादून व शीला निवासी दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। हत्या का आरोपी प्लंबर का काम करता है और पहले से ही उस बुजुर्ग जोड़े को जानता था। बुजुर्ग दंपति ने उसे मंगलवार को प्लम्बर से संबंधित कार्य के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद आरोपी और बुजुर्ग जोड़े के बीच झगड़ा हो गया, जिसके बाद उसने अकेले ही घर मे मौजूद तीनों लोगों की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान शोर सुनकर पड़ोसी बुजुर्ग दंपति के घर की तरफ दौड़े। लोगों को आते देख सम्भवतःआरोपी भागने लगा और पेचकस दिखाकर उन्हें डराने का प्रयास किया। इसी दौरान लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। जिसे हिरासत में लेने के बाद पुलिस पूछताछ में जुट गई है।