देहरादून/ मिशन 2027 को लेकर राजनीतिक उठापटक व सरगर्मी बढ़ने लगी है। उत्तरकाशी जिले की हॉट सीट गंगोत्री विधानसभा में इस बार भाजपा से कौन होगा टिकट का दावेदार इस पर सबकी नजरें हैं तो इस पर खासी चर्चा भी चल रही है। चाबी आलाकमान के हाथ मे है कि वह किस दावेदार पर भरोसा करेगी। इतना तय है कि पार्टी को जिताऊ की दरकार होगी जो गंगोत्री से निकल कर उस मिथक को बरकरार कर दे जिसमे गंगोत्री से जिस पार्टी का उम्मीदवार जीता प्रदेश में उसी की सरकार बनी ।
इस बीच गंगोत्री विधानसभा से पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण की सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से औपचारिक मुलाकात ने गंगोत्री विधानसभा में राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है। हालांकि श्री सजवाण का यह कहना कि यह शिष्टाचार भेंट थी मगर इस मुलाकात को गंगोत्री विधानसभा की राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच समसामयिक विषयों तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी बातचीत हुई।
उधर राजनीतिक तौर से देखें तो विजयपाल सजवाण गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और क्षेत्र में उनका व्यापक राजनीतिक संपर्क एवं जनाधार रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात से मिशन 2027 को लेकर अटकलें व राजनीतिक हलचल होना स्वाभाविक है।
