जिला पंचायत उत्तरकाशी का एक साल पूर्ण हो गया। एक साल में जिला पंचायत पहले के मुकाबले कमोवेश बदली नजर आई। विश्वास, जनसेवा के साथ विकास की सोच भी धरातल पर उतरती नजर आई। जिला पंचायत के एक साल के कार्यकाल में क्या कुछ उपलब्धि रही व आने वाले वर्षो में क्या कुछ होना है इस पर अध्यक्ष जिला पंचायत रमेश चौहान ने अपनी बात रखी। श्री चौहान ने बातचीत में कहा कि जिला पंचायत उत्तरकाशी
दूरस्थ गांवों तक विकास पहुंचाने, स्वच्छता को प्राथमिकता देने और पर्यटन की नई संभावनाओं को तलाशने पर विशेष जोर देगी।
उन्होंने एक वर्ष पूर्ण होने पर जिला पंचायत द्वारा विकास एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों को जनता के समक्ष परखने की बात कही।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि बीते एक वर्ष में जिला पंचायत ने जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को समझते हुए सड़क, संपर्क मार्ग, पुलिया, पेयजल, स्वच्छता, सार्वजनिक सुविधाओं तथा ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत का यह एक वर्ष केवल कार्यकाल पूरा होने का अवसर नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को विकास के माध्यम से मजबूत करने का अवसर है। हमारा प्रयास है कि जनपद के अंतिम गांव तक विकास की योजनाएं पहुंचे और ग्रामीणों को अपनी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए परेशान न होना पड़े। श्री चौहान ने यह भी कहा कि “दूरस्थ गांवों तक विकास पहुंचाना हमारी पहली प्राथमिकता” है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि
जिला पंचायत स्वच्छता को भी विकास का महत्वपूर्ण आधार मानती है। लिहाजा स्वच्छता,सार्वजनिक शौचालय, कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छ ग्रामीण परिवेश की दिशा में विशेष पहल की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वच्छता,ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए जिला पंचायत द्वारा पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत स्थानीय मेलों, धार्मिक आयोजनों एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देकर स्थानीय रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रयास कर रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए विभागों से बेहतर समन्वय जिला पंचायत सदस्यों एवं ग्रामीण जनता से प्राप्त समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा गया। जिला प्रशासन एवं शासन स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाने का प्रयास भी किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि एक वर्ष में हमने विकास की मजबूत नींव रखने का प्रयास किया है। हमारा लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारकर आम ग्रामीण को उसका प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत को पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहित के प्रति समर्पित संस्था के रूप में और मजबूत किया जाएगा। जनपद के सभी जिला पंचायत सदस्यों के सहयोग से प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप संतुलित विकास सुनिश्चित करने का प्रयास जारी रहेगा साथ ही हमारा संकल्प रहेगा “हर गांव तक विकास, हर व्यक्ति तक सुविधा और हर क्षेत्र में जनसेवा।”
