उत्तरकाशी/ डीएम प्रशांत आर्य ने सड़क सुरक्षा समिति की वर्चुअल बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और चालकों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। डीएम ने कहा कि यात्रा के दौरान कई ऐसे पुराने वाहन आ रहे हैं जिनकी स्थिति बेहद खराब है और जिनसे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। डीएम ने बाहर से आने वाले ऐसे वाहनों में जीपीएस सिस्टम को अनिवार्य रूप से चेक करने के निर्देश दिए ताकि वाहनों की मॉनिटरिंग हो सके । डीएम ने पुलिस, एआरटीओ को निर्देशित किया कि खराब और खतरनाक स्थिति वाले वाहनों के दस्तावेजों की गहनता से जांच की जाए।नियमों की अनदेखी करने वाले ऐसे वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए। डीएम ने पुलिस विभाग को पुलिस मोबाइल टीमों को तुरंत सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों (ड्रिंक एंड ड्राइव) को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। डीएम ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि जिले में रोड सेफ्टी ऑडिट का कार्य समय से पूरा कर लिया जाए। इसके साथ ही सड़कों पर दुर्घटना की आशंका वाले संवेदनशील स्थलों के सुधारीकरण और चौराहों के विकास कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।
वर्चुअल बैठक में अधीक्षण अभियंता विजय कुमार,ईई रजनीश सैनी,एआरटीओ सुवर्णा नौटियाल, सीओ जनक पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।