देहरादून/ देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ थाना प्रेमनगर क्षेत्र में लूट व मारपीट की घटना हुई। बदमाश लूट और मारपीट बाद इंजीनियर को पुल से नीचे फेंक गए। इंजीनियर अस्पताल में भर्ती है।
मिली जानकारी के अनुसार आईटी पार्क मे कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर सहस्त्रधारा क्रासिंग के पास खड़ा था। इस दौरान स्कूटी सवार दो बदमाशों ने युवक का सहस्रधारा क्रॉसिंग से अपहरण कर लिया और लूटपाट के बाद जामुनवाला पुल से नीचे नदी में फेंक दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि युवक पूरी रात पत्थरों के बीच जिंदगी और मौत से जूझता रहा। सुबह स्थानीय लोगों ने पास ही मौजूद आर्मी क्षेत्र के जवानों को जानकारी दी, जिसके बाद सेना के जवानों ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर का रेस्क्यू किया। इसके बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। युवक के पिता की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शिवाजी मार्ग कांवली रोड निवासी युवक के पिता विनोद कुमार ने थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा आकाश कुमार (23 वर्षीय) आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उसकी ड्यूटी शाम छह बजे से रात दो बजे तक रहती है। गुरुवार रात करीब सवा दो बजे वह सहस्रधारा क्रॉसिंग पर घर जाने के लिए ऑनलाइन बाइक बुक कर रहा था, इसी दौरान स्कूटर सवार दो युवक वहां पहुंचे और जबरन आकाश को अपने साथ ले गए। वे आकाश को घंटाघर, बिंदाल पुल और गढ़ी कैंट होते हुए जामुनवाला पुल तक ले गए। वहां बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट की और उसका बैग, दो मोबाइल फोन और पर्स में रखे 700 रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने आकाश को पुल से नीचे नदी में फेंक दिया।
गिरने से युवक की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। घायल हालत में वह पूरी रात नदी किनारे पत्थरों के बीच पड़ा रहा। बीती सुबह आसपास के लोगों ने उसकी आवाज सुनकर पास ही मौजूद आर्मी क्षेत्र के जवानों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद आर्मी जवानों ने रेस्क्यू किया। इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी गई. जिसके बाद युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वर्तमान में आकाश का इलाज दून अस्पताल में चल रहा है. पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक अभी मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह सामान्य नहीं है, जिसके चलते वह घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है।