टिहरी जिले मेंहुई सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत

 

टिहरी जिले में गुरुवार को एक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा चंबा–कोटि मार्ग पर नैल के पास उस समय हुआ जब एक यूटिलिटी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ की ओर से स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अब तक दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया है।
हादसे में घायल दो व्यक्तियों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। दोनों घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। सड़क हादसे में मृतक और घायल सभी लोग घनसाली क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग ऋषिकेश से एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी नैल के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में 10 लोग सवार थे। घायलों में उत्तम (30) पुत्र पुस्सू, निवासी ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़ तथा अंकित (22) पुत्र आशा लाल, निवासी ग्राम नेलचामी, घनसाली शामिल हैं।

घटनास्थल पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल,टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, शक्तिलाल शाह और नगरपालिका अध्यक्ष आनंद बिष्ट और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल लोगों को शीघ्र और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *