चार धाम यात्रा,प्रशासन ने की तैयारी शुरू

 

19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियां प्रशासन ने शुरू कर दी है। उत्तरकाशी डीएम प्रशान्त आर्य ने रविवार को यमुनोत्री धाम की यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। डीएम ने यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पालीगाड़ से जानकीचट्टी तक निर्माणाधीन सड़क चौड़ीकरण कार्यों के साथ ही स्यानाचट्टी में चेनेलाइजेशन कार्यों, यमुनोत्री पैदल मार्ग तथा यात्रा मार्ग पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने स्यानाचट्टी,फूलचट्टी और कृष्णाचट्टी में चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। यमुनोत्री धाम में स्नान घाटों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के निर्देश ईई सिंचाई को दिए। उन्होंने कहा कि स्नान घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाए,साथ ही रेलिंग,फिसलन रोकने के उपाय तथा साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से स्नान कर सके। डीएम ने यात्रा मार्गों पर पेयजल,शौचालय,प्रकाश व्यवस्था, पर्किंग और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने जानकीचट्टी में अधिकारियों,मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों के साथ बैठक भी की।
डीएम ने जानकीचट्टी में घोड़े-खच्चरों के व्यवस्थित संचालन के लिए मार्ग को वन-वे करने तथा घोड़े-खच्चरों का शीघ्र पंजीकरण कराने के निर्देश जिला पंचायत और पशुपालन विभाग को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *