विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 22 अप्रैल को प्रातः आठ बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल पंचकेदार ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में कपाट खुलने की शुभ तिथि पंचांग गणना और पारंपरिक विधि-विधान के साथ निर्धारित की गई। इस घोषणा के साथ ही उत्तराखंड की आगामी चारधाम यात्र की सभी महत्वपूर्ण तिथियां अब स्पष्ट हो चुकी हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर 19 अप्रैल को खोले जाएंगे।