देहरादून/ खबर राजधानी देहरादून से दिल दहला देने वाली है। अभी दो दिन पूर्व हुए अर्जुन शर्मा हत्याकांड की सनसनी शांत भी नहीं हुई थी कि शुक्रवार की सुबह राजपुर रोड जैसे पॉश इलाके में एक और जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स के बाहर अज्ञात बदमाशों ने जिम से वर्कआउट कर बाहर निकल रहे खनन कारोबारी विक्रम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने विक्रम के सिर पर करीब से गोलियां दागीं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून समेत भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। सहस्त्रधारा रोड निवासी विक्रम सिंह के बारे में बताया जा रहा है कि वह जमीन और खनन के कारोबार से जुड़े थे। पुलिस फिलहाल पुरानी रंजिश और व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता समेत तमाम पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। बताया गया है कि मृतक विक्रम शर्मा गैंगस्टर था। उस पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उस पर 30 से अधिक हत्या के मुकदमे दर्ज थे। मामले के तार झारखंड गैंग से जोड़े जा रहे हैं। पुलिस इस घटना को गैंगवार से जोड़ रही है। बताया जा रहा है कि करीब 10 साल पहले विक्रम शर्मा को झारखंड पुलिस गिरफ्तार करके ले गई थी। लंबे समय तक वह जेल में बंद रहा। अब वह अंडरग्राउंड रहकर धंधे कर रहा था। फिलहाल सरेआम हुई इस हत्या ने पुलिस के गश्ती दावों की पोल खोल दी है।